एसबी विशेष संवाददाता/मदन पुरी
करनाल। करनाल के आबकारी एवं कराधान विभाग की डिप्टी एक्साइज एवं टैक्स कमिश्नर नीरज को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सम्मानित किया है। रविवार को कुरुक्षेत्र में आबकारी एवं कराधान विभाग, हरियाणा की एक मुश्त निपटान योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जिला में बेहतर टैक्स कलेक्शन व उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला है।
बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस कार्यक्रम में आबकारी एवं कराधान विभाग के 5 अधिकारियों को सम्मानित किया, जिन्होंने विभाग में बेहतर कार्य किया। इन अधिकारियों में करनाल जिला की डिप्टी एक्साइज एवं टैक्स कमिश्नर नीरज भी शामिल हैं। जिला करनाल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में कैश कलेक्शन 1648 करोड़ रुपये किया, जोकि पिछले वर्ष से 16 प्रतिशत अधिक है। वहीं एनफोर्समेंट चेकिंग के दौरान वाहनों पर 4 करोड़ 10 लाख रुपये का जुमार्ना भी लगाया गया। इसके साथ-साथ वित्तीय वर्ष के दौरान वैट और सीएसटी संग्रह में 37 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इन्हीं उपलब्धियों की वजह से करनाल से उन्हें सम्मान के लिए चुना गया।
डिप्टी एक्साइज एवं टैक्स कमिश्नर नीरज ने सम्मान प्राप्त करने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद किया है। उन्होंने प्रधान सचिव देवेंद्र कल्याण, एक्साइज एवं टैक्स कमिश्नर श्री विनय प्रताप सिंह और करनाल के डीसी उत्तम सिंह का भी आभार जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हीं के मार्गदर्शन में विभाग ने बेहतर तरीके से अपने कार्यों का क्रियान्वयन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान व्यक्ति को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। निश्चित रूप से भविष्य में अपने कर्तव्यों की अनुपालना और प्रभावी व बेहतर ढंग से करने का पूरा प्रयास करूंगी।