एसबी ब्यूरो प्रमुख/विजय गर्ग
असन्ध। कांग्रेस नगरपालिका का चुनाव सिंबल पर नही लड़ेंगी। नगर निगम मेयर, पार्षद व नगर परिषद चेयरमैन का चुनाव सिंबल पर लड़ा जाएगा। यह फैसला गत दिनों दिल्ली में कांग्रेस की हुई बैठक में लिया गया था। गत एक दिन पहले नगरपालिका उपचुनाव के लिए चेयरमैन पद के प्रत्याशी को लेकर जो घोषणा की गई है वो कांग्रेस पार्टी का प्रत्याशी न होकर किसी विशेष व्यक्ति का प्रत्याशी है।
उपरोक्त जानकारी हरियाणा नोर्थ जोन एमसी इलेक्शन कमेटी कोआर्डिनेटर राजबीर शर्मा अरडाना व पदम गुप्ता ने दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती और रणनीति के साथ नगर निकाय चुनाव लड़ेगी। चुनाव की पूरी तैयारियां पार्टी स्तर पर हो रही है। मजबूत प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारकर कांग्रेस नगर निगम चुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। विकास कार्यों और रुके हुए विकास कार्यों को आगे नियमित रूप से पूरा कराने के लिए पार्टी जनता के बीच वोट मांगने जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत से काम करेगें। हरियाणा में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और आगामी निकाय चुनावों में भी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर पंकज अरडाना, विक्की शर्मा, सत्ता दूपेडी, जयपाल गोलन, रामफल शर्मा, जोगिंदर उपलाना, संदीप कौशिक, राजेश कुमार, कर्ण राणा, गौरव सहित अन्य मौजूद रहे।