एसबी विशेष संवाददाता/मदन पुरी
करनाल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल मात्र पदक जीतने का ही नहीं है बल्कि लोगों का दिल जीतने का माध्यम भी हैं। खेल केवल चैंपियन ही नहीं बनाते बल्कि यह शांति, प्रगति और कल्याण को भी बढ़ावा देते हैं। ये दुनिया को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मचारियों से अपील की कि वे खेल भावना को मैदान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में भी अपनायें। अनुशासन, समर्पण और टीम वर्क को कर्तव्य में समाहित करें।
मुख्यमंत्री जिला करनाल में मधुबन पुलिस अकादमी में 73वीं अखिल भारतीय पुलिस वालीबॉल समूह 2024-25 के समापन अवसर पर आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल कौशल का प्रदर्शन है बल्कि पुलिस बल के अनुशासन, एकता और समर्पण का भी प्रतीक है। खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं बल्कि अनुशासन, टीम वर्क, धैर्य और आत्मबल को विकसित करने का महत्त्वपूर्ण माध्यम भी हैं। ये न केवल शारीरिक दक्षता को बढ़ाते हैं बल्कि अनुशासन भावना और मानसिक शक्ति को भी मजबूत करते हैं। साथ ही विपरीत परिस्थितियों में खड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल पुलिस बलों को कर्तव्यों का पालन करने में सहायक होते हैं। इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की 35 टीमों के 1088 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें से 791 पुरुष, 297 महिला और 65 तकनीकी अधिकारी भी शामिल हैं।
इस मौके पर आईबी के संयुक्त निदेशक आईपीएस विधु शेखर ने भी खिलाडियों को संबोधित किया। इस अवसर पर आयोजन समिति के सचिव एवं पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, रोहतक रेंज आईजी केके राव, उपायुक्त उत्तम सिंह, एसपी गंगा राम पूनिया मौजूद रहे।