संजना भारती संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने एरियोसिटी तुगलकाबाद कॉरिडोर के इग्नू स्टेशन साइट पर टनल ब्रेकथ्रू के साथ फेज-कश् के सबसे गहरे भूमिगत हिस्से पर सुरंग बनाने का काम पूरा कर लिया। यह अनूठी उपलब्धि दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में हासिल की गई। इस अवसर पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद थे।
इस अवसर पर प्रेस को सम्बोधित करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि आज का यह ऐतिहासिक अवसर न केवल दिल्ली मेट्रो के लिए बल्कि पूरे दिल्लीवासियों के लिए गर्व का क्षण है। हमें यह बताते हुए बेहद खुशी है कि इग्नू स्टेशन के टनल ब्रेकथ्रू के साथ, दिल्ली मेट्रो फेज-4 के सबसे गहरे भूमिगत मार्ग को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। दिल्ली मेट्रो की यह उपलब्धि राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक कुशल, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह सुरंग न केवल दिल्लीवासियों की यात्रा को सरल बनाएगी, बल्कि ट्रैफिक जाम और प्रदूषण कम करने में भी सहायक होगी।
यह ब्रेकथ्रू हमारे सामूहिक प्रयासों का एक जीता जागता उदाहरण है। सरकार इस परियोजना से जुड़े सभी इंजीनियरों, श्रमिकों, मेट्रो अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों को धन्यवाद देती है, जिन्होंने अथक परिश्रम करके इसे साकार किया है। दिल्ली मेट्रो दिल्ली एनसीआर क्षेत्र की लाइफलाइन बन चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली मेट्रो की सौगात देने का कार्य परम पूज्य अटल बिहारी वाजपेयी जी और पूज्य श्री मदन लाल खुराना जी के कार्यकाल में किया गया था। मुख्यमंत्री ने बताया कि मोदी जी के नेतृत्व में जिस तरह देश का इंफ्रास्ट्रक्चर लगातार बढ़ रहा है-चाहे वह एक्सप्रेसवे हो, मेट्रो हो या रैपिड ट्रांसपोर्ट-यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। देश प्रगति कर रहा है, और दिल्ली भी उसी गति से आगे बढ़ रही है।
टनल ब्रेकथ्रू के बारे में अधिक जानकारी देते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि टनल ब्रेकथ्रू विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले शहरी क्षेत्रों में भूमिगत सुरंग निर्माण कार्य के लिए उपयोगी हैं। दिल्ली मेट्रो की सबसे गहरी सुरंगो में से एक यह नया टनल 27 मीटर की औसत गहराई पर बनाया गया है। साथ ही निर्माण के दौरान भूगर्भीय चुनौतियों के बावजूद टनल बोरिंग मशीन का उपयोग अत्याधुनिक तकनीक के साथ किया गया है, जिससे घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में सुगम निर्माण संभव हो पाया।
दिल्ली मेट्रो फेज-4 के निर्माण कार्य के तहत कुल 40.10 किमी भूमिगत लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इसमें एरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर में 19.34 किमी का भूमिगत सेक्शन होगा। दिल्ली मेट्रो का यह नया विस्तार लाखों यात्रियों के लिए यात्रा को और अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और कुशल बनाएगा। साथ ही इससे दिल्लीवासियों के लिए समय और संसाधनों की बचत और सड़क यातायात पर दबाव कम होगा, जिससे दिल्ली में वायु प्रदूषण भी घटेगा। सरकार और डीएमआरसी ने यह सुनिश्चित किया है कि इस परियोजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा हो, ताकि यात्री जल्द ही इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
Home अन्य राज्य दिल्ली दिल्ली को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे से जोडऩा हमारी प्राथमिकता: सीएम रेखा गुप्ता