संजना भारती संवाददाता
करनाल। करीब सवा दो साल के लंबे इंतजार के बाद हरियाणा के 35 शहरी निकायों के चुनाव की घोषणा हो गई है। राज्य में दो चरणों में शहरी निकाय चुनाव होंगे। आठ नगर निगमों, चार नगर परिषदों और 21 नगर पालिकाओं के मेयर, अध्यक्ष और पार्षदों के साथ अंबाला व सोनीपत नगर निगमों में मेयर के उप चुनाव के लिए दो मार्च को वोट पड़ेंगे।
अकेले पानीपत नगर निगम के लिए नौ मार्च को दूसरे चरण में मतदान होगा। दोनों चरणों में होने वाले चुनाव के नतीजे 10 दिन बाद 12 मार्च को आएंगे। उन सभी शहरी निकाय क्षेत्रों में आचार संहिता लगा दी गई है, जहां पर चुनाव होने हैं। करनाल नगर निगम, नीलोखेडी नगरपालिका, इंद्री नगर पालिका, असंध नगर पालिका के चुनाव की तारीख 2 मार्च 2025 निश्चित हुई है इस को लेकर आज भाजपा कार्यालय कर्ण कमल में पार्षद व मेयर पद व चैयरमेन का चुनाव लडने के इच्छुक लोगों ने भाजपा कार्यालय कर्ण कमल सैक्टर 9 में अपना बायो-डाटा कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता को जमा करवाया।
इस विषय को लेकर भाजपा जिला कार्यकारी अध्यक्ष बृज गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि करनाल नगर निगम से भाजपा की टिकट पर मेयर पद के चुनाव लडने के लिए निवर्तमान मेयर रेनु बाला गुप्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सुखीजा, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर राजेश अघी, मोनिक गर्ग, वरिष्ठ समाजसेवी भारत भूषण कपूर, निशांत शर्मा शानु, योगेश बुघरा, संजीव मेहता, विनय पॉसवाल, पूर्व पार्षद मुकेश अरोड़ा एवं अनूप भारद्वाज सहित 12 लोगों ने अपनी इच्छा जताते हुए भाजपा टिकट का आवेदन किया है और करनाल नगर निगम के 20 वार्डों में नगर पार्षद के चुनाव पर भाजपा के टिकट पर चुनाव लडने के लिए 145 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार इंद्री नगर पालिका में चैयरमेन पद के लिए भाजपा की टिकट पर चुनाव लडने के लिए 4 एवं वार्डों के चुनाव के लिए 19 तथा असंध नगरपालिका चेयरमैन पद के लिए 5 और नीलोखेड़ी पालिका चेयरमैन पद पर भाजपा की टिकट पर 4 लोगों ने चुनाव लडने की इच्छा जताते हुए आवेदन किया है।
इस मौके पर करनाल भाजपा जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता सहित उपाध्यक्ष ईलम सिंह, जिला महामंत्री सुनील गोयल, जिला मीडिया प्रभारी डा अशोक कुमार, जिला आई टी प्रमुख विकास कथूरिया, कर्ण मंडल अध्यक्ष बत्रा, अर्बन मंडल अध्यक्ष गौरव खुराना सहित अन्य वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।