पंचकूला,27 जुलाई (विजेश शर्मा ):- पुलिस कमिश्नर शिवाश कविराज के मार्गदर्शन में और डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस न सिर्फ साइबर अपराधियों को ठिकाने लगा रही है बल्कि बचाव के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में आज साइबर क्राइम थाना टीम द्वारा केवीएस स्कूल, सीआरपीएफ कैंपस , पिंजौर, पंचकूला में एक साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई साइबर थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर युद्धवीर सिंह ने की।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। टीम द्वारा बच्चों को डिजिटल सुरक्षा, डेटा प्रोटेक्शन, डिजिटल अरेस्ट की अवधारणा, सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले खतरे और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति सचेत किया गया। बच्चों को यह भी बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक करना, अनवेरिफाइड एप्स डाउनलोड करना या अपनी निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करना किस तरह साइबर धोखाधड़ी का कारण बन सकता है।

इस मौके पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की टीम ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उन्हें रोजमर्रा की डिजिटल जिंदगी में सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी तरह की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत दें।