एसबी विशेष संवाददाता/मदन पुरी
करनाल। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ- सबका विकास-सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नॉन स्टॉप विकास कार्य हो रहे है।
विधायक जगमोहन आनंद मंगलवार को स्थानीय शिवाजी कॉलोनी में डा. संदीप कै त द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आप सभी के प्यार, विश्वास और समर्थन का परिणाम है कि मुझे अपने क्षेत्र की सेवा करने का मौका मिला है। मेरी पूरी कोशिश रहेगी कि करनाल में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जन-कल्याण के कार्य निरंतर चलते रहें। विधायक जगमोहन आनंद ने नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुच पाए है, इसलिए हमेशा नागरिकों के ऋणी रहेंगे, इस क्षेत्र के नागरिकों का सेवक बनके काम करेगें और 24 घटे लोगों के सुख-दुख को साझा करेगें, इतना ही नहीं लोगों की आशा के अनुरूप विकास कार्य करवाए जाएगें। उन्होंने कहा कि लोगों की मूलभूत सुविधाओं को सबसे पहले पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 100 दिन के कार्यकाल में हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी नीतियों को अमलीजामा पहनाने का काम किया गया है। हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकसित भारत के चार स्तम्भ युवा, किसान, महिलाएं व गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों के कल्याण के लिए लगातार नई योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। महिलाओं को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से आत्मनिर्भर व सशक्त बनाया जा रहा है। युवाओं को पारदर्शी मेरिट के आधार पर बिना खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरी देकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने देश के समक्ष एक मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। इस अवसर पर भाजपा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष बृज गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मोहन लोधी, दीपक शर्मा, डा. संदीप कुमार, राम कुमार कौशिक, रमेश मिड्डा सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा स्थानीय निवासी उपस्थित थे।