संजना भारती/विज्ञप्ति द्वारा
नई दिल्ली। दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने मंत्रीमंडल के साथ औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इसके साथ ही, उन्होंने अपने कार्यकाल की शुरूआत यमुना जी की आरती और महत्वपूर्ण निर्णयों से की।
सचिवालय में कार्यभार ग्रहण: दोपहर 3:00 बजे, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय पहुँचकर अपने मंत्रीमंडल के साथ औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने हम पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरा करने के लिए हम पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम करेंगे। हमारी प्राथमिकता जनकल्याण और शहर के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है।
वासुदेव घाट पर यमुना जी की आरती: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ वासुदेव घाट पर यमुना जी की आरती में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने यमुना नदी की स्वच्छता और संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का संकल्प लिया।
पहली कैबिनेट बैठक के प्रमुख निर्णय: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए:
आयुष्मान योजना का विस्तार: दिल्ली सरकार ने आयुष्मान योजना को और व्यापक बनाने का निर्णय लिया है। अब दिल्ली के नागरिकों को 5 लाख रुपये का टॉप-अप दिल्ली सरकार और 5 लाख रुपये केंद्र सरकार की ओर से मिलेगा। यह योजना जल्द ही लागू की जाएगी।
14 सीएजी रिपोर्ट को सदन में पेश करना: पेंडिंग 14 सीएजी रिपोर्ट को जल्द से जल्द विधानसभा में पेश किया जाएगा। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।