संजना भारती संवाददाता
चंडीगढ़। 38 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले की विभिन्न चौपालों पर देश-विदेश से आए कलाकार अपनी समृद्ध संस्कृति की छटा बिखेर रहे हैं। मंगलवार को छोटी और बड़ी चौपाल पर विभिन्न राज्य और देशों के कलाकारों ने गायन, वादन व नृत्य कला से दिनभर पर्यटकों का मनोरंजन किया। मुख्य चौपाल पर मध्यप्रदेश के कलाकारों ने घनघोर नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं कोमोरोस से आए कलाकारों ने उत्सव नृत्य कर चौपाल में बैठे पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। थीम स्टेट ओडिशा के कलाकारों ने छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी। यह नृत्य भारत का एक लोकप्रिय जनजातीय नृत्य है। यह नृत्य मार्शल आर्ट और लोक परंपराओं से प्रेरित है। वहीं असम से आए कलाकारों ने बीहू नृत्य से दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। घाना से आए कलाकारों ने नकाबोम डांस की प्रस्तुति दी और किर्गिस्तान ने अरूके नृत्य की प्रस्तुति दी।