एसबी विशेष संवाददाता/मदन पुरी
हरियाणा। हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वर्तमान में दादरी से बीजेपी विधायक सुनील सांगवान के पिता सतपाल सांगवान का निधन हो गया। वे बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने रविवार रात 2 बजकर 45 मिनट पर अंतिम सांस ली। सोमवार सुबह करीब 9 बजे उनका पार्थिव शरीर चरखी दादरी के लोहारू रोड़ स्थित उनके निवास स्थान पहुंचेगा। जहां अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. उसके बाद दादरी जिले के उनके पैतृक गांव चंदेनी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
लीवर कैंसर से पीड़ित थे सतपाल सांगवान: आपको जानकारी दे दें कि सतपाल सांगवान बीते कुछ दिनों से लीवर कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे और उसी के चलते उन्हें मेदांता में भर्ती किया गया था। दादरी के वर्तमान विधायक सुनील सांगवान भी अपने पिता की देखभाल के लिए कई दिनों से अस्पताल में ही थे। लेकिन पूर्व मंत्री की तबीयत बिगड़ती जा रही थी। जिसके चलते स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
बेटी के निधन के बाद बिगड़ी तबीयत: बता दें कि रविवार को निधन के कुछ घंटे समय हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी उनसे मिलने मेदांता पहुंचे थे। बीते दिनों पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के घर आई उनकी करीब 60 वर्षीय बेटी उषा कादयान का निधन हो गया था। जिसके बाद से सतपाल सांगवान काफी दुखी थे।जिसके चलते उनकी सेहत बिगड़ती गई और उनका निधन हो गया।
सतपाल सांगवान का राजनीतिक सफर: सतपाल सांवगना ने चरखी दादरी विधानसभा से 6 बार चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्होंने दो बार जीत हासिल की थी। पहली बार 1996 में हरियाणा विकास पार्टी से विधायक बने थे और दूसरी बार 2009 में हजकां टिकट पर विधायक चुने गए थे। बाद में हजकां का कांग्रेस में विलय होने पर भूपेंद्र हुड्डा सरकार में सहकारिता मंत्री भी रहे।उन्होंने कांग्रेस और जजपा के टिकट पर दादरी से चुनाव लड़ा था।
जब बीजेपी में हुए थे शामिल: साल 2024 में सतपाल सांगवान बीजेपी में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में उन्होंने बीजेपी का दामन थामा था। इसके बाद उन्होंने ज्यादा उम्र होने के कारण अपने बेटे को चुनाव लड़ाया था। उनके बेटे ने विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की और विधायक बन गए।