संवाददाता द्वारा
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यमुना के पानी की गुणवत्ता को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के झूठ की पोल खोलने के बाद दिल्ली में बेहद लोकप्रिय साबित हो रहे हैं। बीजेपी प्रत्याशियों द्वारा प्रचार के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मांग की जा रही है। नायब सिंह सैनी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए शनिवार को दिल्ली के 9 विधानसभा क्षेत्रों में उनकी सभाएं व रोड शो रखे गए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अपने प्रचार अभियान की शुरुआत दिल्ली के चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी सतीश जैन के समर्थन में आयोजित नुक्कड़ सभा से पहले सिविल लाइन एरिया में वर्ष 2025-26 के आम बजट के प्रसारण को देखने के साथ की। उन्होंने पहले पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजटीय संबोधन सुना। इसके उपरांत उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ चांदनी चौक के प्रसिद्ध पकवानों का लुत्फ भी उठाया। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में एक सभा को भी संबोधित किया और दिल्ली के विकास के लिए बीजेपी क्यों जरूरी है यह मूलमंत्र भी कार्यकर्ताओं को समझाया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को निर्धारित शेड्यूल से अलग भी वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी पूनम शर्मा के समर्थन में रोड शो के लिए पहुंचे। पूनम शर्मा के समर्थन में गडरिया समाज द्वारा अशोक विहार की सिंध धर्मशाला में एक जनसभा भी रखी गई थी। इस जनसभा के लिए मुख्यमंत्री को बैलगाड़ी से जलूस की शकल में लाया गया। मुख्यमंत्री अपने साथ यमुना के पवित्र जल का कलश भी लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए गडरिया समाज ने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन देने की भी घोषणा की।