(एजेन्सी)/नई दिल्ली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 70 सीटों के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई। कई जगहों पर फर्जी वोटिंग के आरोप भी लगाए गए, लेकिन पुलिस ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया। शाम 6:00 तक मतदान केंद्रों के भीतर जा चुके वोटर्स को मत डालने की अनुमति दी गई। दिल्ली चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आएंगे।
ज्ञात हो कि दिल्ली में बुधवार को सुबह 7:00 से मतदान शुरू हुए थे। शाम पांच बजे तक 57.78 प्रतिशत मतदान हुए थे। आम आदमी पार्टी (आप) अपनी शासन व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर तीसरी बार लगातार जीत की उम्मीद कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस वापसी की उम्मीद कर रही हैं।
एरिक्जट पोल के अनुमान: Peoples Pulse ने अपने एग्जिट पोल में बीजेपी को 51 से 60 सीटें दी है। वहीं, आम आदमी पार्टी के खाते में यहां 10 से 19 सीटें जाती हुई दिखाई दे रही है। कांग्रेस का खाता नहीं खुल रहा है।
Matrize ने 35 से 40 सीटें भाजपा को दी है जबकि 32 से 37 सीटें आम आदमी पार्टी के खाते में जाती हुई दिखाई दी है। वहीं, कांग्रेस का खाता खुल सकता है और पार्टी एक सीट पर जीत हासिल कर सकती है।
JVC की बात करें तो भाजपा 39 से 45 सीट के बीच जीत हासिल कर सकती है। वही, आम आदमी पार्टी को 22 से 31 सीटें जबकि कांग्रेस के खाते में दो सीटें जा सकती हैं।
P-Marq के मुताबिक बीजेपी 39 से 49 सीटें, आम आदमी पार्टी 21 से 31 सीटें जबकि कांग्रेस को एक सीट मिल सकती है।
People’s Insight ने भाजपा को 40 से 44 सीटें दी है जबकि आम आदमी पार्टी 25 से 29 सीटें और कांग्रेस एक सीट पर जीत हासिल कर सकती है।
Chanakya की बात करें तो भाजपा को 39 से 44 सीटें मिल सकती है। वहीं 25 से 28 सीटें आम आदमी पार्टी को मिल सकती है जबकि कांग्रेस को दो से तीन सीटें हासिल हो सकती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना, केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर और हरदीप सिंह पुरी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल शुरूआती मतदाताओं में शामिल थे। आप ने अपने शासन मॉडल पर ध्यान केंद्रित किया और अरविंद केजरीवाल तथा मुख्यमंत्री आतिशी ने पूरे शहर में रैलियां कीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जैसे दिग्गजों के नेतृत्व में भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोपों और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर आप पर निशाना साधा। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने भी जोरदार प्रचार किया और विभिन्न मुद्दों पर आप और भाजपा दोनों पर हमला बोला।
वहीं ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा को बहुमत दिखाया गया है। इसके बाद भाजपा नेताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
भाजपा नेता यह दावा कर रहे हैं कि 8 तारीख को जब नतीजे आएंगे, वह भी हमारे पक्ष में ही होंगे। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मैं दिल्ली की जनता को बधाई देना चाहता हूं, दिल्ली की जनता ने आज बीजेपी को इतना प्यार और आशीर्वाद दिया है। दिल्ली में ‘आपदा’ जा रही है और बीजेपी आ रही है।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अभी जो एग्जिट पोल मैंने देखे, मुझे ऐसा लग रहा है कि हमारे सटीक पोल (नतीजे) एग्जिट पोल से बेहतर होंगे। हमने लोगों के बीच जो प्रतिक्रिया देखी, उससे पता चलता है कि बीजेपी (दिल्ली में) सत्ता में आ रही है। यह बीजेपी की घर वापसी है। मैं दिल्ली के लोगों को धन्यवाद देता हूं।
नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह तय है कि 8 फरवरी को कमल खिलेगा। हम दिल्ली में सुशासन, स्वच्छ यमुना और रोजगार देंगे। अरविंद केजरीवाल को भरोसा है कि वह हार रहे हैं।