एसबी विशेष संवाददाता
चंडीगढ़। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने करप्शन के खिलाफ डंडा चलाना शुरू कर दिया है। पंजाब पुलिस में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। यहां भ्रष्टाचार में लिप्त 52 पुलिसवालों को बर्खास्त कर दिया गया है। यानि नौकरी से ही निकाल दिया गया।
बर्खास्त पुलिसवालों में कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर रैंक के कर्मचारी शामिल बताए जाते हैं। पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंजाब सरकार लगातार करप्शन पर एक्शन कर रही है। दो दिन पहले ही मुक्तसर के डीसी राजेश त्रिपाठी को सस्पेंड करने का आदेश जारी हुआ था। डीसी पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे थे। जहां भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलने के बाद मान सरकार ने बड़ी कार्रवाई की गई, वहीं भ्रष्टाचार के मामले में विजिलेंस विभाग को जांच करने का निर्देश भी दिया गया। मुक्तसर डीसी को सस्पेंड किए जाने की कार्रवाई से और कई अधिकारी भी सकते में आ गए हैं।
भ्रष्टाचार को लेकर पंजाब के कई अधिकारी रडार पर हैं। जिससे हड़कंप मचा हुआ है। हाल ही में पंजाब सरकार ने एक आॅर्डर जारी कर सभी विभागों के प्रमुख, डीसी, एसएसपी को ये आदेश दिया था कि किसी भी प्रकार का करप्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।