संजना भारती संवाददाता
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पूरे हरियाणा में विकास की विचारधारा के साथ कार्य करवाएं जा रहे हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिले, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से सरकार सार्थक कदम बढ़ा रही है। आमजन के हितों की अनदेखी न हो इस पर सरकार का पूरा फोकस है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को फरीदाबाद में अपने दौरे के दौरान आमजन से सीधा संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान महान विभूतियों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीर सपूतों को नमन भी किया। उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि रेल, सडक के साथ ही मेट्रो कनेक्टिविटी के साथ आने वाले दिनों में बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो का विस्तार करके क्षेत्र को सौगात देने का कार्य भी वर्तमान सरकार द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा की भावना से सरकार कार्य कर रही है और लोगों को उनके घर द्वार पर सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाते हुए लाभान्वित किया जा रहा है। बिना किसी भेदभाव के समान विकास कराने का लक्ष्य लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि जन सुविधा के लिए सरकार ने उपमंडल से लेकर जिला स्तर के कार्यालयों में समाधान शिविरो का आयोजन कर हर वर्ग से जुड़ी समस्याओं का निदान प्रत्येक कार्य दिवस पर सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सरकार लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए कार्य कर रही है। आज लोगों को अपने कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े, इसके लिए सभी जरूरी सेवाएं आॅनलाइन की जा रही है। इससे पूरी पारदर्शिता के साथ कम समय में आमजन के कार्य हो रहे हैं। पूरे हरियाणा में आवागमन सुविधा को बेहतर बनाया गया है और मजबूत सडक सुरक्षा तंत्र के साथ सडकों का जाल बिछाकर परिवहन को सुगम बनाया गया है। वहीं गरीब और जरूरतमंदों के लिए परिवहन विभाग की हैप्पी कार्ड योजना काफी लाभकारी सिद्ध हो रही है।
वहीं खेलों में भी हरियाणा का डंका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बज रहा है। प्रदेश के खिलाड़ी विश्व स्तर की स्पधार्ओं में मेडल हासिल करके देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।