संजना भारती संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली की भाजपा सरकार के गठन के तुरंत बाद से ही संगम विहार से विधायक चंदन चौधरी एक्शन में आ गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्रिमंडल की शपथ के बाद से ही विधायक चन्दन चौधरी ने अपने क्षेत्र में विकास कार्यों की सूची बनाकर युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है।
विधायक ने बहुप्रतीक्षित ओखला रोड से रविदास मार्ग तक के रोड के निर्माण कार्य का उद्घाटन कर दिया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय सिंह और जूनियर इंजीनियर सुदीप सिंह की उपस्थिति में सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित शर्मा, महामंत्री विक्रम वेद, आरडब्लूए के मुकेश लोहिया, सुनील शर्मा, दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा की निवेदिता तिवारी, अल्पसंख्यक मोर्चा के डॉक्टर दानिश कमाल, मंडल महिला मोर्चा की सौम्य पांडे, निर्मला देवी, राजवती और युवा मोर्चा के रवि गिरी आदि ने विधायक चंदन चौधरी के नेतृत्व में संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक चंदन चौधरी ने कहा कि संगम विहार को दिल्ली की बेहतरीन विधानसभा बनाना ही उनका लक्ष्य है। इसके साथ ही अपने क्षेत्र की जनता की हर एक जरूरत के लिए चौबीस घंटे उनके दरवाजे खुले रहेंगे।