संजना भारती संवाददाता
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की तरह अनुशासन, मेहनत और समर्पण के मार्ग पर चलें। उन्होंने वर्ष 2036 के ओलम्पिक खेलों में हरियाणा के खिलाडियों द्वारा सबसे अधिक मैडल जीतने के लिए प्रेरित भी किया।
मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित ‘साइक्लाथोन’ कार्यक्रम में युवाओं को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्रमदान करके ‘स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभिमान’ का शुभारम्भ किया। हरियाणा के खेल विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में साइक्लाथोन और स्वच्छता को जोड़कर युवाओं को स्वच्छ और स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्यमंत्री ने साइक्लाथोन में हिस्सा लेने से पूर्व ‘मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभिमान’ वेबसाइट भी लांच की जिस पर कुरुक्षेत्र के लोग स्वच्छता से संबंधित फोटो अपलोड करके अपने सर्टिफिकेट डाऊनलोड कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को नशा से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है, जो व्यक्ति को ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देती है। यह न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी कमजोर करता है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को उनके जन्मदिवस पर नमन करते हुए कहा कि मेजर ध्यान चन्द हमारे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में इसीलिए मनाया जाता है, ताकि हमारे खिलाड़ी उनके जैसी लगन और मेहनत करके वैसी ही उपलब्धियां प्राप्त करने के लिए प्रेरित हों। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को आह्वान किया कि वे किसी न किसी एक खेल में हिस्सा अवश्य लें ताकि वे स्वस्थ रह सकें।
इस अवसर पर खेल विभाग के महानिदेशक श्री संजीव वर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए खेल विभाग की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।







