संजना भारती/संजय कुमार
नई दिल्ली। छठ पर्व को लेकर राजधानी दिल्ली में माहौल उत्सवमय है। श्रद्धालु व्रतधारी घाटों पर तैयारियों में जुटे हैं, वहीं दिल्ली सरकार भी इस पवित्र पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और भव्य बनाने के लिए पूरी क्षमता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में मंत्री कपिल मिश्रा ने राजधानी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्री मिश्रा ने मयूर विहार घाट, अशोक नगर, कोंडली, त्रिलोक पुरी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सचदेवा जी के साथ घाटों की व्यवस्था का निरीक्षण किया, उसके बाद वासुदेव घाट पहुंचे जहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, टेंट, जलस्तर और यातायात प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने सोनिया विहार समेत कई अन्य घाटों का भी दौरा किया।
श्री मिश्रा ने कहा कि इस बार दिल्ली में छठ पूजा को लेकर अद्भुत उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने इस वर्ष लगभग 1300 से अधिक छठ घाटों पर सभी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की हैं। प्रशासन, निगम, जल बोर्ड, पुलिस और स्वच्छता विभाग के अधिकारी लगातार घाटों पर डटे हुए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री मिश्रा ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार ने इस बार विशेष रूप से यमुना तटों की सफाई और घाटों के सौंदर्यीकरण पर ध्यान केंद्रित किया है। हर घाट पर रोशनी, सुरक्षा और जल निकासी की व्यवस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल टीमें भी तैनात की गई हैं। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय पार्षद, अधिकारी और स्वयंसेवी संगठन भी मौजूद रहे।
श्री मिश्रा ने स्वयं घाटों पर जाकर सफाई कार्य और टेंट की व्यवस्था की गुणवत्ता परखने के साथ श्रद्धालुओं से बातचीत की और उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। इसके पश्चात श्री कपिल मिश्रा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कई वर्षों तक यमुना तट पर छठ पूजा पर पिछली सरकार ने प्रतिबंध लगाया हुआ था। जो लोग पूजा करने जाते थे, उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जाते थे। आज वह समय बदल चुका है। इस बार यमुना मइया के तट पर भव्य छठ पूजा हो रही है। यह न सिर्फ श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि यमुना की स्वच्छता और घाटों में हुए सकारात्मक परिवर्तन का भी प्रमाण है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में इस बार छठ पूजा ऐतिहासिक स्तर पर आयोजित हो रही है। आम आदमी पार्टी आज यमुना की सफाई को लेकर प्रदर्शन कर रही है, जबकि 11 साल तक सरकार उन्हीं की थी। हमें तो मात्र 7 महीने हुए हैं, लेकिन जो काम वे 11 साल में नहीं कर पाए, वो हमने इस छोटे से समय में करके दिखा दिया। आज यमुना किनारों पर बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। यह बदलाव दिल्ली के लोगों की आस्था और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य सेवा होना चाहिए। आज जब पूरा प्रशासन और जनसमुदाय छठ पर्व की तैयारी में लगा है, तब विरोध के नाम पर नकारात्मक राजनीति करना उचित नहीं है। ऐसे समय में सभी नेताओं को व्रतधारियों और श्रद्धालुओं की सेवा में हाथ बढ़ाना चाहिए।
अंत में श्री मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने पूरी तत्परता के साथ इस बार की छठ पूजा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया है। हमारा प्रयास है कि हर श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी आस्था के इस सबसे बड़े पर्व को मने। यह दिल्ली की एकता, विविधता और संस्कृति का उत्सव है।









